सक्ती – मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) पूजा अग्रवाल ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलवाना रहा। बैठक के दौरान सीएमएचओ पूजा अग्रवाल ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि ज़मीनी स्तर पर हर जरूरतमंद तक पहुंचे। उन्होंने सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, तत्परता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। समीक्षा बैठक में जिले के सभी ब्लॉकों के मेडिकल ऑफिसर, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर, बीईटीओ (BETO) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सीएमएचओ ने सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य की गति बढ़ाने, नियमित मॉनिटरिंग करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
