
सक्ती – कलेक्टर अमृत विकास तोपनो द्वारा जिले के विभिन्न विभागों अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जरूरतमंद और पात्र हितग्राहियों को ज्यादा से ज्यादा लाभांवित कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके तहत समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित जनहितकारी योजनाओं से जिले के विभिन्न दिव्यांगजनो की जिंदगी संवर रही हैं। समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदाय योजना से कु. आरती राय को निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई जो उनके जीवन में आत्मनिर्भरता की नई राह बनकर सहायक हुई है। बता दे कि सक्ती जिले के ग्राम मालखरौदा की निवासी कुमारी आरती राय, पिता गनपत राय, बचपन से ही शारीरिक कठिनाइयों का सामना करती आ रही हैं। वे दोनों पैरों से 80 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग होने के कारण वे बैसाखी के सहारे ही बड़ी मुश्किल से चल पाती थीं। जीवन का हर कदम उनके लिए संघर्ष, पीड़ा और कठिनाइयों से भरा रहा, फिर भी उन्होंने कभी हार नहीं मानी। कुमारी आरती एक होनहार छात्रा हैं। वे शासकीय वेदराम महाविद्यालय, मालखरौदा में एम.ए. फाइनल (हिंदी) की छात्रा हैं। अकेले कॉलेज तक आना-जाना उनके लिए एक बड़ी चुनौती थी। शारीरिक असमर्थता के कारण पढ़ाई जारी रखना दिन-ब-दिन कठिन होता जा रहा था, लेकिन शिक्षा के प्रति उनका जुनून उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहा। इसी दौरान छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग की निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदाय योजना उनके जीवन में आशा की किरण बनकर आई। जिला कार्यालय, समाज कल्याण विभाग, सक्ती द्वारा कुमारी आरती राय को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। साथ ही क्षितिज अपार योजना अंतर्गत उन्हे प्रोत्साहन राशि प्रदान किया गया, जिससे उनकी पढ़ाई में आने वाली बाधाएँ दूर हो सके। मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मिलने के बाद कुमारी आरती का जीवन बहुत आसान हो गया। कुमारी आरती खुशी जाहिर करते हुए कहती हैं कि अब मुझे कॉलेज आने जाने के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ता एवं रोजमर्रा के कार्यों को आसानी से कर पाती हूँ। मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मिलने से मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने बताया कि अब मैं अपनी पढ़ाई पूरी कर आत्मनिर्भरता के साथ समाज के मुख्य धारा में जुड़कर जीवन यापन कर सकूंगी। कुमारी आरती राय ने शासन प्रशासन से प्राप्त इस सहयोग के लिए कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो और समाज कल्याण विभाग का सहृदय आभार व्यक्त किया है।
